क्रिप्टो दुनिया को ठीक कर सकता है
पुनर्योजी क्रिप्टो दुनिया की कुछ बड़ी समस्याओं को हल कर सकता है। ग्रीन पिल लें।
प्रिय बैंकलेस राष्ट्र,
हमारी दुनिया को कई अस्तित्वगत ख़तरों का सामना करना पड़ रहा है: जलवायु परिवर्तन, आंतरिक राजनीतिक संघर्ष, बाहरी युद्ध, आर्थिक खाई, सुपरबग्स - हमारे स्वयं के द्वारा पैदा की गई सारी समस्याएँ।
हमें ये समस्याएँ कैसे सुलझानी हैं?
हमारे संस्थानों ने हमें विफल कर दिया है। हमने अपने जीवन को बेहतर बनाने की उनकी क्षमता में विश्वास किया, लेकिन उन्होंने राजनीति की, हमारे भविष्य को महँगाई की तरफ़ धकेला, और अल्पकालिक हितों को पूरा किया।
चूँकि अधिकांश बैंकलेस पाठक लगभग 25 साल की उम्र से कम के हैं, इसलिए इन समस्याओं को न देख पाना और छोटा, अपर्याप्त और अक्षम महसूस करना कठिन है। हम इससे भाग नहीं सकते - ये चुनौतियाँ हमारी पीढ़ी को बुरी तरह प्रभावित करेंगी।
लेकिन मैं आपको शून्यवाद का एक दूसरा विकल्प प्रदान करता हूँ।
ग्रीन पिल लें।
यह वह भविष्य है जिसे केविन ओवोकी लिखते हैं। एक भविष्य जो "डूमरिज़म" को ख़ारिज करता है। ऐसा जो सामाजिक भलाई के लिए मानव समन्वयन और पूँजी का लाभ उठाता है।
हमने इनमें से कई प्रयोगों को सफल होते देखा है:
Gitcoin का सार्वजनिक उत्पादों में $51m से अधिक का वित्तपोषण करना
KlimaDAO द्वारा ऑन-चेन कार्बन ऑफ़सेट्स में 14m टन ख़रीदा जाना
स्वयं एथेरियम—ही सार्वजनिक वस्तुओं के उत्पादन हेतु एक सार्वजनिक उत्पाद है
केवल क्रिप्टो ही नहीं।
पुनर्योजी क्रिप्टो।
यही है ग्रीन पिल। आइए पता लगाते हैं।
- RSA
नोट: हम केविन ओवोकी द्वारा होस्ट किया गया एक नया पॉडकास्ट लॉन्च करने वाले हैं जिसका नाम ग्रीन पिल है। पहला एपिसोड वितालिक के साथ! ट्रेलर देखें और iTunes, Spotify, या RSS पर सब्सक्राइब करें।
लेखक बुधवार
अतिथि लेखक: केविन ओवोकी, Gitcoin.co के संस्थापक
हिंदी अनुवादक: पांडा मामा
क्रिप्टो कैसे दुनिया को पुनर्योजित कर सकता है
ग्राफ़िक: लोगन क्रेग
मानवता को वैश्विक स्तर पर समन्वयन विफलताओं का सामना करना पड़ रहा है जो मानव सम्पन्नता के लिए प्रणालीगत जोखिम पैदा करती हैं।
इन समन्वयन विफलताओं में जलवायु परिवर्तन, एक असुरक्षित डिजिटल ढाँचा, ग़लत सूचना, और आर्थिक समृद्धि की कमी शामिल हैं।
हमारी विरासत संस्थाएँ उन्हें संभालने के लिए सुसज्जित नहीं हैं।
पर, मैं विरासत संस्थाओं और पुरानी पीढ़ियों द्वारा हमारे लिए छोड़े गए डूमरिज़म को अस्वीकार करता हूँ। मुझे विश्वास है कि हम नयी पुनर्योजी क्रिप्टोआर्थिक प्रणालियों का निर्माण करके आशावान लोगों के लिए एक शेलिंग पॉइंट का निर्माण कर सकते हैं।
मेरा मानना है कि हमारे अवसर का क्षण आ गया है - हम अपनी पीढ़ी के लिए और उसके परे एक बेहतर दुनिया का निर्माण कर सकते हैं। वेब3 द्वारा प्रदान की जाने वाली विशेषताओं का लाभ उठाकर, हम अधिक पुनर्योजी क्रिप्टोआर्थिक प्रणालियाँ बना सकते हैं जो दुनिया के लिए सकारात्मक बाह्यताएँ पैदा करती हैं, एक अधिक SolarPunk कल का निर्माण करती हैं, और यह मोलोक को मार सकता है।
Greenpill.party के लॉन्च के साथ, GitcoinDAO प्रोग्रामेबल धन, गेम थियरी, और मैकेनिज़म डिज़ाइन के मिलनस्थल की खोज के साथ-साथ पुनर्योजी वेब3-युग के ऐप्लिकेशन्स और डिजिटल संपत्तियों को वित्तपोषित, डिज़ाइन, विकसित करने और बेचने के लिए नए शक्तिशाली तरीकों की खोज कर रहा है। यह इस बारे में एक पार्टी है कि कैसे क्रिप्टो दुनिया को पुन: उत्पन्न कर सकता है और मैं आपको अपने साथ जुड़ने के लिए आमंत्रित करता हूँ।
समस्या: समन्वयन विफलताएँ
समन्वयन विफलताएँ तब होती हैं जब मनुष्यों का एक समूह एक साथ काम करके वांछनीय परिणाम प्राप्त कर सकता है, लेकिन ऐसा करने में विफल हो जाता है क्योंकि वे अपने निर्णय लेने में समन्वय नहीं करते हैं।
समन्वयन विफलताएँ तानाशाह-विहीन डिस्टोपियाज़ होती हैं, ऐसी परिस्थितियाँ जिनसे नेतृत्व समेत हरेक नागरिक घृणा करता है, परन्तु फिर भी एक अच्छे समन्वयन तंत्र की कमी के चलते, विफल करने वाली प्रणाली बनी रहती है।
समन्वयन विफलता का सामना करने वाली किसी प्रणाली में, एक ईश्वरीय दृश्टिकोण से, एक स्पष्ट समस्या मौजूद है। लेकिन प्रणाली के भीतर का कोई कर्त्ता परिवर्तन नहीं ला सकता।
वैश्विक समन्वयन विफलताओं के तमाम उदाहरण हमारे आस-पास हैं:
जलवायु परिवर्तन
परमाणु प्रसार
ग़लत सूचना
रैनसमवेयर
कैंसर (इंसानी शरीर के भीतर होने वाली एक समन्वयन विफलता)
शिक्षा अथवा रोज़गार तक अपर्याप्त पहुँच
जैव-विविधता का ह्रास
काफ़ी कुछ दाँव पर है
जैसे-जैसे मानवता वैश्वीकृत होती जाती है, हमारी समन्वयन समस्याएँ तेज़ी से वैश्वीकृत होती जाती हैं। उसी समय इन वैश्विक समन्वयन समस्याओं से निपटने की हमारी क्षमता को चुनौती दी जा रही है। हमारी पीढ़ी को विरासत में मिला है ख़राब होता बुनियादी ढाँचा, संस्थानों या उन संस्थानों में गिरता विश्वास जो वेब-स्केल के लिए सक्षम नहीं हैं और न ही उनकी सीमाओं से परे समस्याओं के लिए सक्षम हैं।
इनमें से प्रत्येक मानव पीड़ा पैदा करता है। इन समन्वयन विफलताओं के प्रभाव का पैमाना वैश्विक है, लेकिन प्रभाव स्थानीय है:
जलवायु परिवर्तन के कारण आपकी तटीय संपत्ति का बाढ़ में डूब जाना
ग़लत सूचना के चलते एक तानाशाही नेता का सत्ता में चुना जाना
असुरक्षित इंटरनेट के कारण रैनसमवेयर द्वारा एक अस्पताल को बंधक बना लिया जाना
मोलोक: शत्रु को जानिए
एक अधिक भावनात्मक दृष्टिकोण से देखने पर, यह लगभग ऐसा है जैसे एक सर्वशक्तिमान दानव, जो हमारी पारस्परिक सफलता को रोकने के लिए हमारे साथ छेड़छाड़ कर रहा है। समन्वयन विफलता की यह साझा मानसिक अभिव्यक्ति मोलोक है - मानव समन्वयन विफलता का देवता। मोलोक ही वह कारण है कि हमारे पास अच्छी चीज़ें नहीं हो सकती हैं। हमने इसका नाम मोलोक इसलिए रखा ताकि हम इससे लड़ सकें।
हमारी पसंद का हथियार
हमें एक अविनाशी समन्वयन सब्सट्रेट की आवश्यकता है जो वैश्विक समन्वयन विफलताओं को हल करने के लिए वास्तव में वैश्विक प्रकृति का हो।\
हमें एक ऐसा सब्सट्रेट मिल गया है। हमारी पसंद का हथियार विकेन्द्रीकृत ब्लॉकचेन नेटवर्क्स पर तैनात नवीन मैकेनिज़म डिज़ाइन है।
हमें समन्वयन विफलताओं के साथ अब और नहीं रहना है।
क्या यह संभव है कि हम मोलोक को मार पाएँगे? हाँ। क्या इसकी गारंटी है? नहीं। हमें इसे चुनना होगा।
सम्पूर्ण समन्वयन एक चयन है। हमें इस चयन को व्यक्तिगत रूप से लगातार प्रबलित करना होता है और ऐसी प्रणालियों का निर्माण करना होता है जो उस चयन को व्यवस्थात्मक रूप से प्रबलित करती हैं।
समाधान: पुनर्योजी क्रिप्टोअर्थशास्त्र
पुनर्योजी क्रिप्टोआर्थिक प्रणालियाँ वे प्रणालियाँ होती हैं जो:
इंसानी आवश्यकताओं को पूरा करती हैं।
सकारात्मक बाह्यताएँ निर्मित करती हैं और शुद्ध-सकारात्मक होती हैं।
संतुलन बिठाती हैं और “इक्विलिब्रियम” प्राप्त करती हैं।
सकारात्मक बाह्यताओं को निर्मित करने के लिए हमें पहले कोई नुकसान नहीं करना चाहिए। दुनिया आजकल बिटकॉइन जैसी प्रूफ़-ऑफ़-वर्क (PoW) ब्लॉकचेन प्रणालियों के ऊर्जा उपयोग की बातों में उलझी हुई है। बिटकॉइन और अन्य PoW ब्लॉकचेन्स का कार्बन प्रभाव तब तक बड़ा और काफ़ी नकारात्मक हो सकता है जब तक कि अन्यथा सिद्ध न हो जाए। पुनर्योजी क्रिप्टोआर्थिक प्रणालियाँ वे प्रणालियाँ हैं जो शुद्ध-सकारात्मक हैं।
सौभाग्य से, कई दूसरी पीढ़ी व तीसरी पीढ़ी की ब्लॉकचेन्स हैं जो इस मानदंड को पूरा करती हैं। जब एथेरियम मर्ज में प्रूफ़-ऑफ़-वर्क से प्रूफ़-ऑफ़-स्टेक में प्रोटोकॉल्स स्विच करेगा, तब यह एथेरियम नेटवर्क पहले की अपेक्षा 99.95% कम ऊर्जा ख़र्च करेगा। एथेरियम इस बिंदु पर लगभग कार्बन-तटस्थ हो जाएगा।
निकट-कार्बन-तटस्थता की ऐसी नींव से, वैसी क्रिप्टोआर्थिक प्रणालियाँ बनाना संभव है जो अत्यंत शुद्ध-सकारात्मक हैं।
ImpactDAOs, जिन्हें किसी ऐसे DAO के रूप में परिभाषित किया जाता है जो अपने आसपास के इकोसिस्टम के लिए बाह्यताएँ निर्मित करता है, पुनर्योजी क्रिप्टोआर्थिक आंदोलन के स्केलेबल, परमाणवीय निर्माण खंड हैं।
ImpactDAOs, और उनके द्वारा निर्मित सकारात्मक बाह्यताओं के कुछ उदाहरण:
एडिट: 14M tons in on-chain carbon offsets
पुनर्योजी क्रिप्टोअर्थशास्त्र की कल्पना करना
जैसा कि हम पुनर्योजी क्रिप्टोअर्थशास्त्र को ऐसे परिभाषित करते हैं कि यह क्या है, हमें इसे ऐसे भी परिभाषित करना चाहिए जो यह नहीं है।
पुनर्योजी क्रिप्टोअर्थशास्त्र कभी-कभी लचीला या टिकाऊ हो सकता है, लेकिन यह निष्कर्षित करने वाला नहीं हो सकता।
हम किसके लिए बिल्ड करते हैं
“हम बिल्ड करते हैं मानव सम्पन्नता के लिए।” - GitcoinDAO मिशन कथन
हम विविधतापूर्ण वैश्विक नागरिकता के फलने-फूलने में सक्षम बनाने के लिए उच्च मूल्य का पुनर्योजी इंटरनेट डिज़ाइन कर सकते हैं। ऐसा जो कई लोगों के लिए मानव सम्पन्नता का निर्माण करे।
बड़े पैमाने पर पुनर्योजी क्रिप्टोअर्थशास्त्र डिजिटल इंफ़्रास्ट्रक्चर के वित्तपोषण को सुनिश्चित करेगा जो किसी भी तकनीकी दिग्गज के स्वामित्व में नहीं है। हम ब्लॉकचेन नेटवर्क के अधिक उत्पादक और अधिक अपक्षयी “यूज़-केसेज़” को निस्तेज कर सकते हैं और दसियों हज़ार वेब-3 नेटिव संस्थापकों, इंजीनियरों, और दर्शकों की ग्रीन-पिलिंग करके उनके पुनर्योजी “यूज़ केसेज़” के लिए एक सकारात्मक फ़ीडबैक लूप को शुरू कर सकते हैं।
मेटावर्स के होम्स्टेडर्स के लिए जनता की भलाई के लिए धन उपलब्ध कराने से, पुनर्योजी क्रिप्टोअर्थशास्त्र यह अधिक सम्भावना बनाएगा कि पियर-टू-पियर मेटावर्स जीत जाएगा।
हम अपने मूल्यों को अपने पैसों में प्रोग्राम कर सकते हैं
जनवरी 2022 तक, ओपन सोर्स वित्तीय प्रणाली का मूल्य $2.1 ट्रिलियन था। कैसा हो अगर हम इस सब पूँजी का उपयोग भलाई के लिए करें?
पहले सिद्धांतों के अनुसार विचार:
ब्लॉकचेन आधारित नेटवर्कों में मार्केट कैप में $2.1 ट्रिलियन मौजूद है।
यह सब ओपन सोर्स सॉफ़्टवेयर पर बनाया गया है जो एक सार्वजनिक वस्तु है और ऐसा कुछ है जिसकी हम काफ़ी क़दर करते हैं।
हम उस पूँजी में से कुछ जनता की भलाई के लिए पुनर्निर्देशित कर सकते हैं।
पुरानी वित्तीय प्रणाली में वॉल स्ट्रीट पर किसी बैक ऑफिस में जाने वाला सारा पैसा अब ओपन सोर्स सॉफ़्टवेयर में जाएगा। हमारी डिजिटल संपत्ति के नीचे डिजिटल बुनियादी ढाँचे का समर्थन करके ब्लैक स्वान घटनाओं (जैसे हैक्स, अप्रत्याशित डाउनटाइम, आदि) को रोकने की तर्कसंगत आवश्यकता को देखते हुए, सबसे आवश्यक सार्वजनिक वस्तुओं का आर्थिक रूप से समर्थन करने के लिए एक एक्वेडक्ट का निर्माण संभव होना चाहिए।
प्रोग्रामेबल धन के साथ, हम अपने मूल्यों को अपने धन में प्रोग्राम कर सकते हैं और सार्वजनिक वस्तुओं को आर्थिक रूप से टिकाऊ बना सकते हैं।
यह निश्चित रूप से एक दोधारी तलवार है, क्योंकि मूल्य-प्रणालियाँ व्यापक रूप से भिन्न हो सकती हैं। कई प्रतिभागियों के लिए इंसेंटिव्ज़ जोड़कर और ताक़त और बुद्धिमत्ता के बड़े मिश्रण के लिए एक चैनल प्रदान करके, सिस्टम डिज़ाइनर ऐसी अर्थव्यवस्थाएँ बना सकते हैं जो भलाई को यथासंभव व्यापक बनाती हैं।
वेबस्केल पुनर्योजी क्रिप्टोअर्थशास्त्र
बड़ा विचार यह है कि पुनर्योजी क्रिप्टोअर्थशास्त्र को अन्तर्निहित और बिल्ड करके हम यह कर सकते हैं:
डिजिटल नेटिव सार्वजनिक वस्तुओं के वित्तपोषण हेतु एक समानांतर ऑप्ट-इन प्रणाली का निर्माण करना, जो बड़े पैमाने पर अधिक दक्षता से संचालित हो।
इस समानांतर ऑप्ट-इन प्रणाली का ग़ैर-डिजिटल सार्वजनिक उत्पादों का सतत रूप से समर्थन कर पाना।
जैसे-जैसे अधिक लोग सार्वजनिक उत्पादों पर काम करने के लिए अपनी निजी नौकरी छोड़ते हैं, ऊर्जा एक सार्वजनिक उत्पाद से दूसरे में रिसती है, 21वीं सदी के मूल नागरिक गौरव की भावना उभरती है, विकास के एक पुण्य चक्र में गति बाहर की ओर बढ़ती है।
अधिक वैश्विक सार्वजनिक उत्पादों का वित्तपोषित होते हैं। दशकों से, दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाओं और लोकतंत्रों युग के लिए उच्च बैंडविड्थ के साथ अपग्रेड किया जाता है, जिससे मानव संपन्नता उत्पन्न होती है।
निश्चित रूप से, कोई परिणाम पूर्वनिर्धारित नहीं है। किसी भी टेक्नॉलजी की तरह, क्रिप्टोअर्थशास्त्र का उपयोग सामान्य भलाई या व्यक्तिगत लाभ के लिए किया जा सकता है। जैसे-जैसे मानवता इस डिजिटल युग में अपने बुनियादी ढाँचे को उन्नत करती है, कई सारे सवाल होंगे जो हमें पूछने होंगे और जिनके जवाब हमें तलाशने होंगे। रास्ते में बाधाएँ रहेंगी।
हमें अपने उपहारों का लाभ उठाने के लिए समन्वय करना चाहिए और इस अवसर को व्यापक रूप से मानवता के लाभ के लिए हमें भुनाना चाहिए। इस विषय पर जो पुस्तक मैंने अभी जारी की है, उसमें मैं सार्वजनिक वस्तुओं के उत्पादन और वितरण तंत्रों की तह में गया हूँ। मैं कुछ अनसुलझी समस्याओं और अवसरों का भी उल्लेख करता हूँ जिनपर हमें ध्यान देने की आवश्यकता होगी जैसे हम एक क्रिप्टो आर्थिक प्रणाली का निर्माण करना जारी रखते हैं।
लीजिए ग्रीन पिल
सम्पूर्ण समन्वयन एक चॉइस है। इस समन्वयन गेम को जितने के लिए, हमें इसे एक मल्टीप्लयेर गेम बनाने के लिए समन्वय करना चुनना होगा। एक बार मल्टीप्लेयर गेम बूटस्ट्रैप हो जाने के बाद, हमें इसे जीतने के लिए समन्वयन चुनना होगा। एक बार जब हम इसे जीत लेते हैं, तो हमें इसकी वैधता बनाए समन्वय करना चाहिए।
यदि हम सभी सामूहिक रूप से ग्रीन पिल लेते हैं (समन्वय करना चुनते हुए), तो हम एक अधिक पुनर्योजी संसार बनाते हैं। यदि हम सामूहिक रूप से ऐसा नहीं करते हैं, तो हम यथास्थिति बनाए रखेंगे। पुनर्योजी क्रिप्टोअर्थशास्त्र आ चुका है, यह महत्त्वपूर्ण है और इसका उपयोग हो रहा है। लेकिन यह अभी शुरुआती चरण में है। बढ़ने के लिए, इसे आपकी ज़रूरत है।
ओवरटन विंडो खुली हुई है। आंदोलन में शामिल हों। वह करें जो आपके कौशल व क्षमताएँ आपको विशिष्ट रूप से करने योग्य बनाती हैं। यह बात फैलाइये। कुछ बिल्ड कीजिए। अपनी ग़लतियों से सीखिए, और उन्हें छोड़िए व और कुछ बनाइए। एक मीटअप होस्ट कीजिए। इस बारे में ईमानदार रहिए कि हम कहाँ जीत रहे हैं और कहाँ पिछड़ रहे हैं। वही करिए जो आपको सही लगे। अपना शोध ख़ुद कीजिए। किसी भी (मुझे मिलाकर) करिश्माई नेता से सावधान रहिए जो हर बात जानने का दावा करता है। नेता वह है जो जनता है कि आगे क्या करना है।
यदि हम सामूहिक रूप से इस परिणाम को चुनते हैं और दृढ़तापूर्वक सुदृढ़ करते हैं - जैसे आशा अधिक आशा को जन्म देती है, और गति अधिक गति को जन्म देती है, पुनर्योजी क्रिप्टोअर्थशास्त्र अपरिहार्य बन सकता है।
यदि आप और जानना चाहते हैं, लीजिए यह पुस्तक और शामिल हो जाइए एक अधिक पुनर्योजी क्रिप्टोआर्थिक भविष्य का निर्माण करके मोलोक को मारने की लड़ाई में। बल्कि आप Regenerative CryptoEconomics के अगले संस्करण में योगदान भी दे सकते हैं - पुस्तक के अगले संस्करण का निर्माण एक मल्टीप्लयेर गेम होगा।
आप कुछ भी करें, समन्वयन करना याद रखें।
ऐक्शन स्टेप्स
📖 गिट द बुक GREENPILLED: Regenerative CryptoEconomics
🤘 यहाँ शपथ लें Greenpill.party
✨ Web3 पर नवीनतम समाचार हिंदी में प्राप्त करने के लिए हमें Twitter पर फॉलो करें
🔥 गरमा-गरम मीम्स के लिए हमें Instagram पर फॉलो करें
लेखक परिचय
केविन ओवोकी संस्थापक हैं Gitcoin.co के — जहाँ बिल्डर्स और फ़ण्डर्स ओपन वेब को बिल्ड करने को साथ आते हैं। Gitcoin ने पिछले कई सालों में OSS डेवलपर्स को $52mm के बराबर का मूल्य प्रदान किया है। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में BS किया, उन्हें ओपन सोर्स सॉफ़्टवेयर और वेब स्टार्टअप्स में 15 सालों का इंजीनियरिंग नेतृत्व अनुभव है। केविन Boulder Colorado Tech Scene में एक समुदाय संगठनकर्त्ता हैं।
वित्तीय या कर सलाह नहीं। यह न्यूज़लेटर पूरी तरह से शैक्षिक है और निवेश सलाह या किसी संपत्ति को ख़रीदने या बेचने या कोई वित्तीय निर्णय लेने का आग्रह नहीं है। यह न्यूज़लेटर कर सलाह नहीं है। अपने अकाउंटेंट से बात करें। स्वयं अपना शोध करें।